
कस्बे के निकटवर्ती ग्राम सूरसिंहपूरा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूर्ण होने पर जागरूकता रैली का आयोजन बुधवार को किया गया। रेली को स्थानीय ग्राम की सरपंच फूल कंवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से रवाना हुई और ग्राम के मुख्य मार्गो, बाजारों ओर ढाणियों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची। रेली का जगह जगह ग्राम वासियों ने पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। रेली को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर पूजा तिवारी ने कहा कि बदलते हुए वैश्वीकरण के दौर में बेटियों को सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने बेटियों और महिलाओं को कहा कि शिक्षा के साथ साथ हमे कानून का भी ज्ञान होना चाहिए। महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक उत्तरा मीणा ने कहा कि आज भी हम देखते है महिलाओं के साथ अपराध दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है। ऐसे अपराधों से खुद को बचाने के लिए हमें सतर्क रहना आवश्यक है। मीणा ने बालिकाओं और महिलाओं को पॉक्सो एक्ट 2012, महिला संरक्षण अधिनियम 2005, दहेज निषेध अधिनियम 1961,महिलाओं का अभद्र चित्रण (निषेध) अधिनियम 1986, कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम 2013 बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, मातृत्व लाभ अधिनियम 1961 सहित कई कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान कर जागरूक किया। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता महिलाएं और स्कूली छात्राएं मौजूद रही। कार्यक्रम के अंत में सरपंच फूल कंवर ने आभार जताया।